हरिद्वार, 19 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं क्लीन बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रोडवेज बस अड्डे पहुँचे और संपूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिवहन निगम के एजीएम को निर्देशित किया कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। अतः बस अड्डे पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को हर समय स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिलना आवश्यक है। उन्होंने बस अड्डे की सुबह, शाम व रात्रि में निरंतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था देख रही एस.के. इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों को चेताया कि सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने परिसर स्थित शौचालयों की साफ-सफाई भी तत्काल बेहतर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि यात्री जानकारी हेतु लगाए गए कई इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड खराब स्थिति में हैं। जिलाधिकारी ने इन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों के लिए बसों की सही जानकारी उपलब्ध हो सके। बस अड्डे में खराब वाटर कूलरों की मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने बस अड्डे के समग्र सौंदर्यीकरण हेतु रंग-रोगन कार्य जल्द शुरू करने, परिसर में लगे अवैध पोस्टर-बैनर हटाने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के बैनर चस्पा न करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संचालित सुलभ शौचालय में अव्यवस्था एवं रेट-लिस्ट न प्रदर्शित होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित संस्था को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए।
नगर निगम और पुलिस प्रशासन को रोडवेज बस अड्डे के आसपास सड़क किनारे एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, रोडवेज एजीएम नरेंद्र गौतम, एसएनए रिषभ उनियाल, स्टेशन इंचार्ज विनोद तथा देवपुरा चौकी इंचार्ज आशीष नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
