हरिद्वार, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन और मॉडल जनपद बनाने की मुहिम जोर पकड़ चुकी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं धरातल पर उतरे और जनपद में चल रहे सफाई अभियान तथा प्रवेश द्वारों के सौंदर्यकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने एचआरडीए से लेकर तुलसी चौक, डाम कोठी, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार फ्लाईओवर, ज्वालापुर फ्लाईओवर, जुर्स कंट्री हाईवे एरिया, बहादराबाद तिराहा, महाराणा प्रताप चौक से होते हुए रुड़की के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है। लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं, ऐसे में शहर का स्वच्छ और सुंदर दिखना अत्यंत आवश्यक है। श्रद्धालु जब हरिद्वार से लौटें तो उन्हें साफ सुथरे और सकारात्मक अनुभव मिलें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए कि सफाई अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला पंचायत अभियंता को बहादराबाद से शंकराचार्य चौक तक सड़क किनारे सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
यूपी सिंचाई विभाग को गंगनहर पटरी क्षेत्र में झाड़ी कटान, कूड़ा निस्तारण और अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए।
बहादराबाद क्षेत्र में ग्राम प्रधानों, व्यापारियों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक कराने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए, ताकि सफाई व्यवस्था को शीघ्र सुचारु किया जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता और व्यवस्था में कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।
जिलाधिकारी की जनता से अपील
उन्होंने जनपदवासियों से आग्रह किया कि घरों से निकलने वाला कूड़ा केवल कलेक्शन सेंटर या नगर निकायों के कूड़ा वाहनों में ही डालें।
स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और कंपनियों का सहयोग भी लिया जाएगा तथा इस दिशा में शीघ्र ही बैठक आयोजित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार, बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल, जिला पंचायत अभियंता ईश्वर चंद तथा एनएचएआई और यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
