हरिद्वार, 11 मार्च। चारधाम यात्रा की तैयारियों के मद्देनज़र जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मनसा देवी हिल बाईपास रोड एवं मां मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि हिल बाईपास मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्लाइडिंग जोन का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को भी निर्देशित किया कि पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस और घास के पौधे लगाए जाएं, जिससे भविष्य में भूस्खलन की समस्या कम हो सके।
इसके अलावा उन्होंने हिल बाईपास मार्ग पर पड़े मलबे को चारधाम यात्रा से पहले हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा प्रवेश द्वार के पास दोपहिया वाहनों को खड़ा न होने देने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करें और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओम जी गुप्ता, राजाजी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
