हरिद्वार, 13 दिसंबर। जिला प्रशासन द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की अभियान कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहसील स्तर की विशेष टीम ने श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान लगभग 10 बीघा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया और भूमि को प्रशासनिक नियंत्रण में लिया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व में मिली शिकायतों एवं राजस्व अभिलेखों के सत्यापन के आधार पर की गई। टीम ने मौके पर मौजूद अवैध निर्माण और कब्जों को हटाते हुए साफ सफाई कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दोहराया कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में भी ऐसे अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा।
