हरिद्वार, 18 नवंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देहरादून पुलिस की आख्या के आधार पर दिव्य प्रताप सिंह, पुत्र कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, के तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 17 नवंबर को भेजी रिपोर्ट में अवगत कराया था कि 15 नवंबर 2025 को आर. यशोर्धन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों वादी व गवाहों के बयान तथा सीसीटीवी फुटेज में दिव्य प्रताप सिंह की संलिप्तता की पुष्टि की।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित निशांत यादव का वाहन रोककर उसके साथ मारपीट की तथा अपने लाइसेंसी पिस्टल, रिवॉल्वर दिखाकर भयभीत किया। जांच के दौरान मुकदमे में धारा 126/352 बीएनएस तथा धारा 30 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। दिव्य प्रताप सिंह के नाम हरिद्वार जिले में तीन शस्त्र लाइसेंस दो रिवॉल्वर और एक बन्दूक जारी थे।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता व शस्त्र अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए सभी लाइसेंस निलंबित कर निरस्त करने के आदेश जारी किए। साथ ही एसएसपी देहरादून व हरिद्वार को निर्देश दिए गए कि कारण बताओ नोटिस आरोपी को तामील कराते हुए रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत करें तथा निलंबित शस्त्रों को शस्त्र सहित अभिरक्षा में लिया जाए।
