हरिद्वार, 19 मार्च। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद जिला पूर्ति विभाग ने शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर शिकंजा कस दिया है। रेलवे स्टेशन के पास होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हुई अचानक छापेमारी से हड़कंप मच गया। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम ने कुल 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 1 इंडेन और 4 भारत गैस के सिलेंडर शामिल हैं। ये सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे थे, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि घरेलू गैस का व्यापारिक इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निगरानी को और मजबूत करने के लिए पूरे जनपद की 41 गैस एजेंसियों पर 41 नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।