हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के हरिद्वार से देहरादून स्थानांतरण पर कैम्प कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। उनका स्थानांतरण जनपद देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने उनके नेतृत्व कौशल, अनुशासनप्रिय कार्यशैली और जनहित में लिए गए ठोस निर्णयों की सराहना की। अपने कार्यकाल के दौरान उनके कुशल निर्देशन में जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रही तथा अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए अभियानों में उल्लेखनीय सफलता मिली।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में मिला अनुभव और टीम का समर्थन हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।
