हरिद्वार, 22 नवम्बर। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एडवोकेट मयंक त्यागी ने टिहरी गढ़वाल निवासी केशव थालवाल पुत्र स्व. बोलम सिंह थालवाल को विधिक नोटिस जारी किया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर पुलिस विभाग को मित्र पुलिस की जगह मूत्र पुलिस कहकर उसकी छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास कर रहा है।
एडवोकेट मयंक त्यागी ने नोटिस में उल्लेख किया है कि इस प्रकार की अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणियाँ न केवल पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुँचाती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी प्रसारित करती हैं। आरोपी पर पूर्व में भी आईपीसी की विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, जो सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा, बदनाम करने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। हाल ही में फतेहाबाद पुलिस द्वारा भी इसी तरह की घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
