हरिद्वार, 24 फरवरी। उत्तराखंड किसान मोर्चा से जुड़े किसानों ने बिजली विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कनखल स्थित विद्युत वितरण उपखंड जगजीतपुर कार्यालय पर धरना दिया। किसानों ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग किसानों का शोषण कर रहा है और स्मार्ट मीटर लगाकर भारी भरकम बिल भेजा जा रहा है। विजिलेंस टीम गांव में ग्रामीणों के घरों के अंदर घुसकर बदसलूकी कर रही है, सरचार्ज के नाम पर उगाही का काम चल रहा है, यदि ऐसा ही रहा तो कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने कहा कि किसानों का गन्ना बिल भुगतान हो नहीं रहा और बिजली के बिल बढ़ाकर भेजे जा रहे। जबरदस्ती मीटर उतारा जा रहा है, उसके बाद स्मार्ट मीटर थोपा जा रहा है। सिर्फ 350 रुपए का बिल होने पर भी कनेक्शन काटा जा रहा है, सीढ़ी लगाकर कनेक्शन काट रहें हैं। फैक्टरी मालिकों, मंत्रियों का लाखों का बिल बकाया है उनका कनेक्शन नहीं काटते लेकिन ग्रामीण और किसान का बिल 350 रुपये होने पर कनेक्शन काट दिया जाता है। विभाग किसानों को कमजोर नहीं समझे। किसान बिजली चोरी के खिलाफ है लेकिन विभाग को भी अपना रवैया बदलना होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सलाहकार धर्मेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष अक्षय कुमार, महकार सिंह, मो. अली, चंद्रशेखर यादव, असजद, हाजी नौसा, अनुज यादव, मुकर्रम अंसारी, जगबीर सिंह, धर्मेंद्र कंचू, आस्तिक यादव, यूनुस प्रधान, भानुप्रताप, तुषार, कार्तिक, संदीप यादव, मो. जमील, जीवेंद्र कुमार, कुर्बान अली, राहुल चौधरी, सुलेमान, मेहरबान अली, मो. शाहबान, सतपाल, मो. रपसन, महबूब, आशीष शर्मा, मुर्तजा, फुरकान, मुंफैद अली, दाऊद अली, अबलू हसन, ऋषभ यादव, सगीर अहमद, जासीद अंसारी, पहल सिंह, अय्यूब, सईद मुनीम, तसील अहमद, आजाद अली, मोहब्बत अली, राजेश, कालूराम, विक्रम सिंह आदि सैकड़ों किसान शामिल रहे। एसडीओ विद्युत वितरण उपखंड जगजीतपुर रूपेश कुमार का कहना है कि ग्राम जट्ट बहादुरपुर में 1666 कनेक्शन हैं जिसमें से 1000 उपभोक्ताओं पर चार करोड़ रुपये बकाया है। ग्राम इक्कड़ और सराय में 1378 कनेक्शन हैं और 392 लाख रुपए बकाया है। कई उपभोक्ताओं पर 25000 रुपये से ऊपर बकाया चल रहा है। उत्तराखंड किसान मोर्चा ने 21 फरवरी को पत्र सौंपा और 24 को धरना दे दिया। इनके पत्र को उच्च अधिकारियों को अग्रसर किया गया है, जवाब आने में समय लगता है। जैसे ही जवाब आएगा किसान मोर्चा को अवगत करा दिया जाएगा।
