हरिद्वार, 22 नवम्बर। कनखल पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र में हुई चोरी का खुलासा कर आरोपी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया है। बीते 8 नवंबर को जमालपुर कलां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, प्रेशर कुकर और अन्य सामान चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा थाना कनखल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष कनखल मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसने इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और मैनुअल सर्विलांस के आधार पर जांच शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 21 नवंबर को खोखरा तिराह से आरोपी अंकित पुत्र कौशल निवासी शिवपुरी कॉलोनी, जगजीतपुर को चोरी के सामान के साथ दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदि है और नशे के लिए पैसे जुटाने को ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन गैस सिलेंडर, दो प्रेशर कुकर और ₹550 नकद बरामद किए हैं।
