हरिद्वार, 03 दिसंबर। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को तहसील हरिद्वार क्षेत्रांतर्गत सज्जनपुर पीली में बड़ी कार्यवाही करते हुए 1.2 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
उप जिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से भूमाफिया द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था, जिसकी शिकायतें प्रशासन को प्राप्त हो रही थीं। जिलाधिकारी के निर्देशन में राजस्व टीम, पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक मुनादी, नोटिस और कानूनी औपचारिकताओं के बाद अतिक्रमित ढांचों एवं बाड़ों को हटाया गया।
उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनहित में ऐसी कार्यवाहियाँ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी भूमि का संरक्षण करें और किसी भी प्रकार का निर्माण या कब्जा न करें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी जहां कहीं भी अवैध कब्जे की जानकारी मिलेगी, वहाँ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
