हरिद्वार, 27 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील परिसर में खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग करते हुए पार्किंग का विकास किया जाए, जिससे आम जनता और अधिवक्ताओं को सुविधा मिल सके। इस संबंध में नगर निगम, एचआरडीए एवं अधिवक्ताओं के साथ उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्किंग स्थल निर्माण से प्रभावित होने वाले अधिवक्ताओं के चैंबर का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय हेतु सेन्ट्रलाइज शौचालय व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए ताकि परिसर की सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्माणाधीन शौचालय को शीघ्र पूरा करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, तहसील परिसर और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित बने रहें। निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार नंद किशोर लोहिया, तहसीलदार सचिन कुमार तथा अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।
