हरिद्वार, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप पुलिस अधीक्षक, जीआरपी अरुणा भारती के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को विभिन्न चिकित्सकीय सेवाएं 50 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराई गईं।
इस मेडिकल कैंप का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों, रेलवे परिसर में कार्यरत महिला कर्मचारियों तथा आम महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान करना रहा। कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, हीमोग्लोबिन जांच, महिला रोग संबंधी परामर्श तथा अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। मेडिकल कैंप के दौरान डॉक्टरों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह, पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा महिलाओं में होने वाली सामान्य बीमारियों की रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और जीआरपी उत्तराखंड की इस पहल की सराहना की। पुलिस अधीक्षक, जीआरपी ने पर कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य समाज की समग्र प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से महिला दिवस के अवसर पर यह विशेष मेडिकल कैंप आयोजित किया गया, ताकि महिलाओं को सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यक्रम के दौरान जीआरपी के अधिकारीगण, पुलिस कर्मी तथा चिकित्सा टीम उपस्थित रही और सभी ने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
