
हरिद्वार। कितने ही मामले हुए लेकिन निजी अस्पतालों की हठधर्मिता थमने का नाम नहीं ले रही है, ताज़ा मामला कनखल स्थित एसआर मेडिसिटी का है जहां पेट दर्द की शिकायत पर एक लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों पर परिजनों ने गलत उपचार देकर 19 साल की लड़की को मारने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है, मृतका को एक दिन पहले पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल लाया गया था और डॉक्टरों ने शनिवार को गलत इंजेक्शन लगाए जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। मरीज की मौत के बाद डॉक्टर अस्पताल से फरार हो गए है। वहीं परिजन अस्पताल के बाहर ही डटे हैं।
अहबाब नगर की रहने वाली है लड़की
परिजनों ने बताया सानिया पुत्री गुलबहार निवासी अहबाब नगर ज्वालापुर को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया थ। उसके पेट में दर्द की शिकायत थी। परिजनों ने बताया कि सुबह इजेंक्शन देने के बाद बच्ची की तबीयत खराब हो गई। डॉक्टरों ने इलाज करने के बजाए लापरवाही बरती, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों ने इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की शिकायत सीएमओ से भी की है। वहीं डॉक्टर मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने क्या बताया
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतका को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लड़की के कई अंग काम नहीं कर रहे थे, ऐसा बताया गया है। उसकी प्लेटलेट्स भी कम थी। सुबह उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस तैनात कर दी गई है और पोस्टामार्टम भी कराया जा रहा है।