हरिद्वार, 18 फरवरी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 21 किलो 560 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के क्रम में चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस टीम नहर पटरी बहादराबाद क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी कि तभी दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम गोविन्दा पुत्र कश्मीरा नाथ निवासी हरिपुर कला, थाना रायवाला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कट्टे से 21 किलो 560 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जो वाणिज्यिक मात्रा में है।
देवभूमि में नशे का कारोबार नहीं चलेगा, हरिद्वार पुलिस कसेगी पूरा शिकंजा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद गांजा उसे सूरज निवासी भानियावाला ने दिया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
SSP नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
