
हरिद्वार। शुक्रवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल की अगुवाई में प्रातःकालीन परेड का आयोजन किया गया। परेड में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए।
परेड की शुरुआत एसएसपी को दी गई सलामी से हुई। इसके बाद जवानों ने असलाह सहित दौड़ लगाई और ड्रिल अभ्यास प्रस्तुत किया। कप्तान स्वयं जवानों के साथ दौड़ते हुए नजर आए, जिससे फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।
परेड उपरांत एसएसपी डोबाल ने पुलिस लाइन भोजनालय एवं अन्य मदों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए कि जवानों को समय से स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक कर्मचारी परेड में शामिल हों ताकि सभी की नियमित फिटनेस बनी रहे।
लाइन परिसर में भ्रमण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए गए।
पुलिस विभाग में शुक्रवार का दिन विशेष महत्व रखता है। इस दिन पुलिस कप्तान द्वारा परेड निरीक्षण कर जवानों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली जाती है तथा उनके समाधान हेतु त्वरित कदम उठाए जाते हैं।