हरिद्वार, 23 दिसम्बर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है।
इसी क्रम में लक्सर रोड, हरिद्वार क्षेत्र अंतर्गत कटारपुर चौक से बहादरपुर जट्ट को जाने वाले मार्ग पर सूरज सैनी द्वारा लगभग 5–6 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से नियमानुसार ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इसके अतिरिक्त रुड़की क्षेत्र में इशरार द्वारा राजकीय जूनियर हाईस्कूल, इकबालपुर–कमैलपुर के सामने लगभग 40×30 फीट क्षेत्रफल में किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को प्राधिकरण की टीम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में सील किया गया।
प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित प्राधिकरण से विधिवत अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
