हरिद्वार, 10 नवम्बर। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका ने सोमवार को निर्माणाधीन यूनिटी मॉल एवं ज्वालापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने अवर अभियंता और सहायक अभियंता को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने कहा कि यूनिटी मॉल का निर्माण हरिद्वार के वाणिज्यिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं से जुड़ी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से साइट निरीक्षण किए जाएंगे, जिससे आमजन को शीघ्र ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
