हरिद्वार, 2 जनवरी। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने आज हरिद्वार में किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया और रुड़की क्षेत्र में 6 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि सील के साथ कोई छेड़छाड़ की गई तो मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।
पुरुषोत्तम विहार कनखल हरिद्वार में धर्मपाल सिंह ने भूतल, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल पर किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को, तथा कनखल हरिद्वार में छोटी नहर के किनारे हरे राम आश्रम के पास ग्रुप हाउसिंग के सामने भूतल व प्रथम तल पर किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को प्राधिकरण क़ी टीम द्वारा सील किया गया।
रामपुर रुड़की में नगर पंचायत के पास अब्दुल मलिक द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा में विकसित की जा रही अनाधिकृत प्लाटिंग को प्राधिकरण टीम (शाखा कार्यालय रुड़की) द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में जेसीबी की सहायता से ध्वस्त किया गया।
स्थल पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि स्थल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण कार्य ना किया जाए। प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
