हरिद्वार, 17 दिसम्बर। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता ने एक बार फिर आमजन का भरोसा जीत लिया है। ऑपरेशन रिकवरी के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस टीम ने यह सराहनीय कार्य किया। SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने लोगो को उनके खोये या चोरी किए मोबइल लौटाये। खास बात यह रही कि बरामद मोबाइल केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं थे, बल्कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों से ट्रेस किए गए। इतना ही नहीं, एक मोबाइल फोन विदेश (हांगकांग) से भी बरामद किया गया, जो पुलिस की तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।
दूर-दराज राज्यों के 26 मोबाइल स्वामी कोतवाली नगर नहीं पहुंच पाए, ऐसे में पुलिस ने उनके मोबाइल कोरियर सेवा के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की।
इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम की मेहनत और लगन की अहम भूमिका रही। यह कार्रवाई न केवल खोई संपत्ति की वापसी है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु भी है।
