हरिद्वार। सप्तऋषि घाट पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से 15 लोग बीच धारा में फंस गए। सुबह करीब 10 बजे मिली सूचना ने प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया। सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के निर्देश पर जल पुलिस, पीएसी और फ्लड कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं। तेज़ी और सूझबूझ के साथ चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी का बहाव अचानक तेज हो गया था, जिससे लोग संभल नहीं पाए और फंस गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव टीम पहुंच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी टीमों की तत्परता और समन्वय से 15 लोगों की जान बचाई जा सकी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
