हरिद्वार, 10 अप्रैल। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए होटल, ढाबों और दुकानों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा टीम ने रोडवेज बस स्टैंड, भेल सेक्टर-04 और पीठ बाजार में निरीक्षण अभियान चलाकर 33 खाद्य पदार्थों के नमूने जांचे। जांच के दौरान कई नमूने अधोमानक पाए गए, जिन पर कार्रवाई करते हुए खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया और संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल द्वारा जनपद के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर शौचालय, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को परखा गया। निरीक्षण के दौरान कुछ पेट्रोल पंपों पर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा, श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरे जनपद में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर विभिन्न क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
