हरिद्वार, 9 अप्रैल। धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में प्रस्तावित महाकुंभ को लेकर माहौल अब पूरी तरह से गर्म हो चुका है। राज्य सरकार की ओर से तेज़ी से चल रही तैयारियों ने साधु-संतों और अखाड़ों के उत्साह को और बढ़ा दिया है। कुंभ क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का बड़े स्तर पर विस्तार किया जा रहा है, जिससे आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं बेहतर बन सकें। इसी बीच श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव ने सरकार की तैयारियों की खुलकर सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का समन्वय इस बार कुंभ को ऐतिहासिक बनाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अखाड़े परंपरा के अनुसार धर्मध्वज स्थापना, पेशवाई और अमृत स्नान में पूरी भव्यता के साथ भाग लेंगे। कुंभ 2027 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए अखाड़ों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविन्द्र पुरी ने बताया कि स्नान पर्वों और शाही स्नान की तिथियों की घोषणा के बाद से ही कुंभ क्षेत्र में गतिविधियां तेज हो गई थीं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार कुंभ सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विकास का भी बड़ा माध्यम बनेगा। कोविड के कारण वर्ष 2021 का कुंभ सीमित रहा, लेकिन 2027 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। संत समाज का मानना है कि सरकार की मजबूत तैयारियों के चलते इस बार हरिद्वार कुंभ एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन साबित होगा।
