हरिद्वार, 7 अप्रैल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। कुंभ क्षेत्र की सड़कों, चौराहों, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों, पार्किंग, बस और रेलवे स्टेशनों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक कार्यों का आकलन कर उन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाए। मेलाधिकारी ने हर की पौड़ी से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए पुल जटवाड़ा, बहरादराबाद, कांवड़ पटरी मार्ग और बाईपास रोड तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही ज्वालापुर, भीमगोडा, खड़खड़ी, सर्वानंद घाट और लालजीवाला क्षेत्र के आंतरिक मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कांवड़ पटरी मार्ग की सफाई और मरम्मत को प्राथमिकता देने, अतिक्रमण हटाने और पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पार्किंग और चौराहों के सुधार पर भी बल दिया गया। निरीक्षण से पूर्व मेलाधिकारी ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों को अमूल्य बताते हुए कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को इस सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान नगर निगम आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
