हरिद्वार, 06 अप्रैल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने कमर कस ली है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को मेला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यों को सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है, उनके लिए औपचारिक स्वीकृति का इंतजार किए बिना निविदा प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं, ताकि तय समयसीमा से पहले कार्य पूर्ण किए जा सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सोनिका ने कहा कि पिछले कुंभ मेले में उपयोग की गई सामग्रियों का अधिकतम पुनः उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्थायी व्यवस्थाओं में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए, ताकि संसाधनों का बेहतर समायोजन हो सके और अनावश्यक दोहराव से बचा जा सके।
सुरक्षा के मद्देनजर मेलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में स्थित जर्जर और पुराने कुओं को चिन्हित कर उनके आसपास प्रभावी सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आगामी कांवड़ मेले से पहले पुलों के रंग-रोगन और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी सेक्टरों में पर्याप्त स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक उपकरणों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मनजीत सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
