हरिद्वार, 6 अप्रैल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। अभियान के तहत पुलिस ने 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी की बाइक को नहर पटरी के पास श्मशान घाट की झाड़ियों में छिपा रखा था। यह जगह उनका अस्थायी स्टॉक पॉइंट बन चुकी थी, जहां से वे जरूरत पड़ने पर बाइक निकालकर औने-पौने दामों में बेच देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत व शौक पूरे करने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। राह चलते लोगों और कबाड़ियों को सस्ते में बाइक बेचकर पैसा जुटाते थे। यह गिरोह केवल रानीपुर ही नहीं, बल्कि सिडकुल, दिल्ली और फरीदाबाद तक सक्रिय था। पुलिस को शक है कि गिरोह ने और भी कई वारदातों को अंजाम दिया है। उत्तराखण्ड पुलिस ऐप के जरिए दर्ज ई-एफआईआर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पूरा नेटवर्क उजागर हो गया। पुलिस ने विपिन निवासी मुजफ्फरनगर, गौरव निवासी लक्सर, नितिन निवासी मुरादाबाद और गौरव निवासी गुरुकुल नारसन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें स्प्लेंडर, बुलेट, अपाचे और HF डीलक्स जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
