हरिद्वार, 5 अप्रैल। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम लगातार असर दिखा रही है। ताज़ा कार्रवाई में विभाग की टीम ने सुबह-सुबह बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा से लाई जा रही शराब की खेप को पकड़ लिया। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से अवैध शराब हरिद्वार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तड़के करीब 4 बजे चमगादड़ टापू पार्किंग में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान हरियाणा नंबर की एक गाड़ी से 45 पेटी शराब बरामद की गई। मौके पर मौजूद एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी अक्षम पुत्र जगबीर सिंह और दिल्ली निवासी कृतिका पुत्री अमरजीत के रूप में हुई है। आबकारी विभाग इन दिनों अवैध शराब के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय है। लगातार कार्रवाई कर तस्करी पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही विभाग अधिकृत शराब दुकानों से राजस्व बढ़ाने पर भी ध्यान दे रहा है। इस छापेमारी में सहायक आबकारी आयुक्त प्रमोद मैथानी, आबकारी निरीक्षक शैलेंद्र उनियाल, लव शर्मा, सुरेंद्र सिंह, अनिरुद्ध शर्मा, पिंकी, नितिन कुमार, मदन सिंह चौहान, महावीर मैथानी और नरेंद्र शर्मा सहित पूरी टीम मौजूद रही।
