हरिद्वार, 4 अप्रैल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह के निर्देशों के बाद पीसीपीएनडीटी निरीक्षण टीम ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनिल वर्मा के नेतृत्व में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें लाइफ अल्ट्रासाउंड केंद्र मंगलौर के निरीक्षण में अभिलेखों की जांच की गई जिसमें फॉर्म एफ, रेफरल अभिलेख आदि देखे गए एवं निरीक्षण के दौरान केंद्र में स्थापित 2 अल्ट्रासाउंड मशीन में से एक अल्ट्रासाउंड मशीन क्रियाशील नहीं पाई गई जिसके दुरुपयोग होने की संभावना को देखते हुए तत्काल सील किया गया। केंद्र में रेडियोलॉजिस्ट डॉ राज़ी अहमद उपस्थित पाए गए ।
मेगा सिटी हॉस्पिटल झबरेड़ा में अल्ट्रासाउंड कार्य हेतु चिकित्सक की नियुक्ति न होने के कारण अल्ट्रासाउंड मशीन सील की गई एवं चिकित्सालय की अन्य व्यवस्थाएं जैसे OPD कक्ष , OT, वार्ड आदि देखे गए। लाइफ केयर अल्ट्रासाउंड केन्द्र मंगलौर का भी निरीक्षण किया गया जिसमें केंद्र प्रबंधक एवं उपस्थित रेडियोलॉजिस्ट डॉ राहुल रॉय द्वारा अधिनियम के अनुसार अभिलेखों का रख रखाव सही नहीं पाया गया जैसे फॉर्म एफ, रेफरल लेटर, अल्ट्रासाउंड रजिस्टर आदि जिसको कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है जिसकी आख्या मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रेषित की जाएगी। नवीन पंजीकरण हेतु सेवा डायग्नोस्टिक लंढौरा, आस्था अल्ट्रासाउंड केंद्र भगवानपुर एवं मेट्रो स्टार हॉस्पिटल भगवानपुर का भी निरीक्षण किया गया, सभी नवीन केंद्रों को रेडियोलॉजिस्ट के कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी में भौतिक सत्यापन कराने एवं शपथ पत्र देने उपरांत ही आगे की पंजीकरण कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।डॉ अनिल वर्मा द्वारा बताया गया है कि केंद्रों में चिकित्सक की उपलब्धता देखी जा रही है एवं जहां कमी पाई जाएगी उन केंद्रों पर कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण दल में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ जिला समन्वयक रवि संदल, कुलदीप बिष्ट आदि उपस्थित रहे।
