हरिद्वार, 4 अप्रैल। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पहले आत्महत्या बताई जा रही मौत पुलिस जांच में हत्या निकली। पुलिस की सतर्कता और गहन जांच के चलते इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। घटना के खुलासे की जानकारी पत्रकारों को देते हुए SP सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना 2 अप्रैल की है, जब ग्राम लाहडपुर निवासी पूजा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति बबलू ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मृतक के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर तकिये से मुंह दबाकर उसके पिता की हत्या की। पूछताछ में आरोपी पत्नी और नाबालिग बेटी ने कबूल किया कि मृतक को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसी बात को लेकर वह अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर सुलाया गया। इसके बाद दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को दूसरे कमरे में रखकर मुंह में सल्फास डाल दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सल्फास पैकेट, शराब का पाउच, स्टील गिलास, दुपट्टे और तकिया बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस दौरान CO सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर प्रभारी मनोहर भंडारी भी मौजूद थे।
