हरिद्वार। धर्मनगरी में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार, 4 नवंबर को आबकारी विभाग की क्षेत्र वन हरिद्वार टीम ने बैरागी कैंप क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति को 96 पव्वे माल्टा शराब के साथ गिरफ्तार किया।
आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की। इस दौरान बैरागी कैंप में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर राजीव पुत्र सुभाषचंद को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से माल्टा ब्रांड की शराब के 96 पव्वे बरामद हुए।
टीम ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
