बहादराबाद। शादी को रिश्ते की शुरुआत समझना एक परिवार को भारी पड़ गया। बहादराबाद क्षेत्र में कथित तौर पर शादी के बाद पति को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और सामान लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के किसी अन्य व्यक्ति के साथ ठगी के एंगल की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने 24 सितंबर को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई योगेश पुरी का विवाह एक महिला से हुआ था। आरोप है कि महिला ने पति को विश्वास में लिया और मौका पाकर उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद घर से नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महिला समेत उसके कथित साथियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये नकद और नशीला पाउडर बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी सीज किया गया है।
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनमें मिर्जापुर की 21 वर्षीय महिला, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, शामली की एक महिला, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं।
पुलिस पूरे मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना तो नहीं बनाया गया। सभी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
