अपना ई-रिक्शा खरीदने के पैसे नहीं थे, लालच में चोरी का बनाया प्लान, सलेमपुर चौक पर चेकिंग में खुला राज
हरिद्वार। अपना ई-रिक्शा खरीदने के लिए जेब में पैसे कम पड़े तो एक युवक ने शॉर्टकट अपना लिया। उसने ई-रिक्शा चोरी किया और उसे लेकर बेफिक्र होकर सड़क पर निकल पड़ा। लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सका। रानीपुर पुलिस ने चोरी के ई-रिक्शा के साथ 27 वर्षीय आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया। मामला 20 सितंबर का है। द्वारिका विहार, रानीपुर निवासी खुर्शीद आलम ने पुलिस को सूचना दी कि उनका ई-रिक्शा संख्या UK08 ER 4985 चोरी हो गया है। शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ई-रिक्शा सलेमपुर चौक की ओर से गुजरने वाला है। पुलिस ने चौक के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बहादराबाद की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने जब ई-रिक्शा का चेचिस नंबर चेक किया तो वह चोरी हुए ई-रिक्शा से हूबहू मिल गया। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक कुमार पुत्र रामकुमार (27 वर्ष), निवासी ग्राम हुसैनपुर, थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी सीमेंट ढुलाई का काम करता था और पार्ट टाइम ई-रिक्शा भी चलाता था। निजी ई-रिक्शा खरीदने के लिए पैसे की कमी के चलते वह लालच में चोरी की वारदात को अंजाम देने तक पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा UK08 ER 4985 बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल विवेक गुसांई और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।
