हरिद्वार, 7 अगस्त। कांग्रेस की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में हरिद्वार जनपद के वरिष्ठ एवं सक्रिय नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर संगठन ने जिले को विशेष प्रतिनिधित्व दिया है। नई कार्यकारिणी में डॉ. संजय पालीवाल, वरिष्ठ नेत्री संतोष चौहान, मकबूल कुरैशी, राजीव चौधरी, अनिल भास्कर और तेलुराम प्रधान को अहम दायित्व सौंपे गए हैं। वहीं बहादराबाद निवासी जसवंत चौहान को प्रदेश महासचिव तथा गैंडीखाता निवासी गुरजीत लहरी को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नेताओं और समर्थकों ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ पार्टी को आगामी चुनावों और जनआंदोलनों में मिलेगा।
प्रदेश महासचिव बनाए गए जसवंत चौहान और प्रदेश सचिव गुरजीत लहरी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस को प्रदेश में और अधिक सशक्त बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
