हरिद्वार। कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी में कथित रूप से मिलावटी पनीर बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लगभग 50 किलोग्राम पनीर बरामद किया। छापेमारी के दौरान डेयरी में मौजूद सराफत अली ने पूछताछ में बताया कि पनीर निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया है। मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और निर्माण में प्रयुक्त दूध के नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। कार्रवाई के बाद शेष लगभग 49 किलोग्राम पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही दबाकर नष्ट करा दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक इमादत अली रिटेल लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहे थे, जो नियमों के विपरीत पाया गया। अनियमितताओं के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने इमादत अली और सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी किया। संयुक्त अभियान में एसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
