हरिद्वार, 26 जुलाई। हरिद्वार में नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी में लोगों ने अपनी पसंदीदा नंबर प्लेट हासिल करने के लिए खुलकर बोली लगाई, जिससे कई नंबर लाखों रुपये में बिक गए।
सबसे ज्यादा चर्चा UK08 BM 0009 की रही, जिसने नीलामी में ₹5.40 लाख की रिकॉर्ड बोली हासिल की। इसके बाद UK08 BM 0001 ₹4.91 लाख, 0007 ₹3.88 लाख, 0008 ₹1.73 लाख, 0002 ₹1.41 लाख और 9000 ₹91 हजार में नीलाम हुआ। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे आकर्षक नंबरों पर भी खरीदारों ने जमकर बोली लगाई। फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को अच्छा-खासा राजस्व प्राप्त हुआ। यह न केवल राज्य सरकार की आय बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि यह भी साबित हुआ कि लोग अपनी गाड़ी को खास पहचान देने के लिए लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हटते।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों का उत्साह उम्मीद से कहीं अधिक रहा। उन्होंने कहा कि विभाग की ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है तथा भविष्य में भी फैंसी नंबरों की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। कुल मिलाकर, हरिद्वार में इस बार गाड़ियों से ज्यादा चर्चा उनकी नंबर प्लेट की रही, जहां एक VIP नंबर की कीमत कई नई मोटरसाइकिलों और कुछ कारों के बराबर पहुंच गई।
