महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
हरिद्वार। 17 जुलाईको देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति स्थगित किए जाने के विरोध में बुधवार को हरिद्वार महानगर कांग्रेस ने देवपुरा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कार्यक्रम की अनुमति तत्काल बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अमन गर्ग ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति स्थगित करना पूरी तरह अलोकतांत्रिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस नेता मुरली मनोहर ने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। वहीं महेश प्रताप राणा ने कहा कि छात्र और युवा अपने मुद्दों पर राहुल गांधी से संवाद करना चाहते हैं, लेकिन प्रशासनिक फैसलों के जरिए कार्यक्रमों में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। वरुण बालियान ने कहा कि कांग्रेस जनता और युवाओं की आवाज उठाती रहेगी और किसी भी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है। प्रदर्शन में पार्षद विवेक भूषण विक्की, पार्षद हिमांशु गुप्ता, पार्षद सोहित सेठी, पार्षद नोमान अंसारी, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी, महानगर कांग्रेस महासचिव तुषार कपिल, अरुण प्रकाश राघव, अकरम अंसारी, तरुण व्यास, नवीन सेंस, हिमांशु राजपूत, ऋषभ वशिष्ठ, करन सिंह राणा, आशीष प्रधान, सतेंद्र वर्मा, अरुण चौहान, आशीष पंवार, अज्जू खान, मोहित अरोड़ा, रामबाबू बंसल, नवीन भाटिया और अयान सैफी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
