हरिद्वार, 15 जुलाई। हरिद्वार में सरकारी आवासों पर वर्षों से जमे अवैध कब्जेदारों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी का अचानक निरीक्षण किया तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। निरीक्षण के दौरान पता चला कि कॉलोनी में ऐसे लोग भी रह रहे हैं जिनका विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। इतना ही नहीं, कई सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सरकारी आवास खाली किए बिना वर्षों से कब्जा जमाए बैठे हैं।
स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही अधिशासी अभियंता को अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कॉलोनी में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश भी जारी किए।
डीएम ने साफ कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि अतिक्रमण हटाने में प्रशासन सिंचाई विभाग को पूरा सहयोग देगा। अब माना जा रहा है कि जल्द ही कॉलोनी में बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान चलाया जा सकता है, जिससे वर्षों से सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए लोगों में हड़कंप मच गया है।
