हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला मंगलवार को जिला कार्यालय में जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुई। कार्यशाला में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रियता, जनसंपर्क अभियान, सेवा कार्यों और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को लेकर व्यापक मंथन हुआ। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (आपदा प्रबंधन) विनय रूहेला ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बने। उन्होंने मानसून के मद्देनज़र नालों-नालियों की सफाई, सड़कों और पुलों की मरम्मत, जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल-विद्युत व्यवस्था तथा आवश्यक वस्तुओं के भंडारण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि भाजपा के सभी प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ हैं और समाज के हर वर्ग के साथ संवाद स्थापित करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों, नवाचार आधारित जनसंपर्क और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने सभी प्रकोष्ठों से समन्वय के साथ कार्य कर संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप गौड़ ने किया।
कार्यशाला में प्रमोद शर्मा, कपिल गुप्ता, विमला भट्ट, श्याम, संजय रावत, विनोद भट्ट, शिव प्रसाद, आचार्य विपिन जोशी, घनश्याम शर्मा, सचिन बलोटा, प्रियंका कंडारी, नवीनचंद, कुंवर कंडारी, संजय कुमार शर्मा, चेतन अरोड़ा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, अभिनंदन गुप्ता, मनु रावत, सुशांत पाल, अनुज शर्मा, मोहन जोशी, देवकीनंदन पुरोहित और सतेंद्र चौहान सहित अनेक प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पदाधिकारियों को संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, संवाद कौशल और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा भाजपा की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
