हरिद्वार, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न संस्थाओं, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा पुलिस विभाग द्वारा भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
आयुष विभाग द्वारा ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक, नगर निगम मेयर किरण जैसल, आयुर्वेद निदेशक विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं तथा अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उधर, पुलिस लाइन रोशनाबाद में हरिद्वार पुलिस द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रंगरूटों ने भाग लिया। देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं गायत्री परिवार शांतिकुंज के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग और प्राणायाम की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया। पुलिस अधिकारियों ने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
बीएचईएल हरिद्वार में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इंटरनेशनल क्लब सभागार में आयोजित योग एवं प्राणायाम शिविर में कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने कहा कि योग भारत की अमूल्य विरासत है, जो स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन का आधार है। उन्होंने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में योग प्रशिक्षक एल.एस. रावत ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित योग शिविर में पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वरिष्ठ योगाचार्यों ने प्राणायाम, कपालभाति, भ्रामरी और विभिन्न योगासन कराए। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से पत्रकारों के लिए योग को तनाव मुक्ति और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी साधन बताया।
वहीं ज्वालापुर स्थित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में श्री गणेश गायत्री परिवार ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। योगाचार्य जितेंद्र रघुवंशी ने विभिन्न रोगों से बचाव हेतु योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए कहा कि शरीर रूपी मंदिर की सफाई योगाभ्यास रूपी झाड़ू से प्रतिदिन करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग से रोगों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
जनपद भर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग के प्रति व्यापक जागरूकता देखने को मिली। सभी आयोजनों में प्रतिभागियों ने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
