हरिद्वार। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को सीधे लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद हरिद्वार में 17 जून से 20 जून तक व्यापक स्तर पर जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिविरों की तिथियां निर्धारित करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पंजीकरण और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों और विकास खंड कार्यालयों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
शहरी क्षेत्रों में 17 जून को हरिद्वार नगर निगम, शिवालिक नगर और पिरान कलियर से शिविरों की शुरुआत होगी। इसके बाद रुड़की, मंगलौर, लक्सर, भगवानपुर समेत विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बहादराबाद, रुड़की, लक्सर, खानपुर, नारसन और भगवानपुर विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यक्रमों की समयबद्ध रिपोर्ट और फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि यह अभियान हजारों जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
