हरिद्वार, 15 जून। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हर की पौड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालु पुण्य स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। गंगा तटों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सुबह से ही हर की पौड़ी क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर की पौड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा अश्व दल के जवान भी लगातार गश्त कर भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्गदर्शन देने में जुटे हुए हैं। पुलिसकर्मी घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। वीकेंड और सोमवती अमावस्या के संयोग के चलते पिछले कई दिनों से हरिद्वार में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्गों सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव भी देखने को मिला। हालांकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय हैं तथा श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग कर रही हैं। प्रशासन का दावा है कि स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वहीं श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। हरिद्वार में देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
