हरिद्वार, 8 जून। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने अपनी गंभीरता एक बार फिर स्पष्ट कर दी है। सोमवार को हरिद्वार पहुंचे शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सीसीआर भवन सभागार में समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सड़कों, पुलों, घाटों, पार्किंग स्थलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी समय रहते सुदृढ़ करने पर जोर दिया। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की गई है और उनकी नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने गंगा नहर पर निर्माणाधीन घाटों के कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन से क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किए जाने की जानकारी भी दी। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कुंभ 2027 के लिए शंकराचार्यों को सादर आमंत्रित किया गया है तथा अखाड़ों और आश्रमों से लगातार संवाद स्थापित कर सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज का सहयोग आयोजन को और अधिक सफल बनाएगा।
इस अवसर पर एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, डॉ. मनोज कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार, जी.एस. तोमर, मनोज सिंह, यशवीर मलिक और मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
