हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की तैयारियां अब देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा का विषय बन रही हैं। सोमवार को श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा के अध्यक्ष महंत डॉ. रविन्द्र पुरी के नेतृत्व में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। दल में जापान से आए महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद गिरी और साध्वी योगमाता सत्य प्रेम गिरी भी शामिल रहे।
संतों ने शंकराचार्य चौक से सिंहद्वार तक गंगा तट पर बन रहे नए घाटों, सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का जायजा लिया। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने उन्हें कुंभ-2027 की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी दी।
निरीक्षण के बाद महंत रविन्द्र पुरी ने कहा कि हरिद्वार में हो रहे विकास कार्य अभूतपूर्व हैं और कुंभ-2027 दिव्यता, भव्यता तथा सुरक्षा के नए मानक स्थापित करेगा। वहीं जापान से आए संतों ने भी तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत अपनी आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और विस्तार को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि जापान में भी सनातन संस्कृति और योग के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है तथा अनेक विदेशी श्रद्धालु आगामी कुंभ में भाग लेने हरिद्वार आएंगे। संतों के उत्साह और तेज़ी से चल रहे निर्माण कार्यों ने कुंभ-2027 को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
