देहरादून। देहरादून के दून अस्पताल से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के एसटीआई विभाग में तैनात एक काउंसलर पर इलाज के फॉलोअप के लिए पहुंची महिला से दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी काउंसलर पहले उसे काउंसलिंग रूम में ले गया और निजी अंगों की जांच के नाम पर छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद उसने सही जांच का बहाना बनाकर महिला को अस्पताल के बेसमेंट में ले गया, जहां सुनसान और अंधेरे इलाके में उसने महिला पर कपड़े उतारने का दबाव बनाया। महिला ने जब विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर अस्पताल स्टाफ और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पूरे अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। अस्पताल प्रशासन ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पद से हटा दिया है। मामले की जांच महिला सेल को सौंप दी गई है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और महिला मरीजों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
