हरिद्वार, 28 अप्रैल। शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माणों पर प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ज्वालापुर, आरके पुरम और रोशनाबाद सिडकुल क्षेत्र में चल रहे तीन अवैध निर्माणों को पुलिस बल की मौजूदगी में सील कर दिया गया, जिससे निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। ज्वालापुर स्थित तक्षशिला इंटर कॉलेज के पास रामधाम कॉलोनी में अर्जुन नामक व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति के लगभग 120×40 फीट क्षेत्र में भूतल के ऊपर प्रथम और द्वितीय तल का निर्माण किया जा रहा था। वहीं आरके पुरम कॉलोनी में बैरियर नंबर 6 के पास प्लॉट संख्या 3 पर नाजिर मिरजवान खान द्वारा स्वीकृत मानचित्र से हटकर सेटबैक नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्माण जारी था।इसके अलावा रोशनाबाद सिडकुल में भट्ठा फैक्ट्री रोड पर बिरयानी की दुकान के पास फुरकान द्वारा करीब 35×50 फीट क्षेत्र में कॉलम के सहारे निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण ने इन सभी मामलों में पहले ही नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्माणकर्ताओं ने आदेशों की अनदेखी जारी रखी।लगातार चेतावनियों के बावजूद निर्माण कार्य न रुकने पर प्राधिकरण टीम ने सख्त कदम उठाते हुए तीनों स्थलों को सील कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में खलबली मच गई है। वहीं प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
