हरिद्वार, 25 अप्रैल। शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन, आबकारी, परिवहन, रोडवेज, राज्य कर, खनन, विद्युत, स्टाम्प व रजिस्ट्रेशन, पर्यटन एवं सिंचाई विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग वर्ष 2026 के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे, जिससे राजस्व प्राप्ति में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। साथ ही विभागाध्यक्षों से नियमित प्रगति की जानकारी लेने के निर्देश भी दिए गए। आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने अवैध और कच्ची शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया। वहीं परिवहन विभाग को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सख्त यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खनन विभाग को भी अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने सभी विभागों को संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि राजस्व लक्ष्य समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
