हरिद्वार, 10 अप्रैल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद शहर में सीवरेज निर्माण और सड़कों की मरम्मत का काम तेज गति से किया जा रहा है। बीते दिनों हुई समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी खुदी हुई सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-1 और पैकेज-2 में तेजी से कार्य हो रहा है। 8 और 9 अप्रैल को कुल 282.60 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। पैकेज-1 में प्रेम विहार कॉलोनी, भागीरथी विद्यालय के पास और रानी गली सहित विभिन्न स्थानों पर 113.07 मीटर कार्य पूरा हुआ, जबकि पैकेज-02 में शिवानीपुरम, द्वारका विहार और गणपति धाम क्षेत्रों में 169 मीटर सड़क निर्माण संपन्न किया गया। प्रशासन का दावा है कि तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा।
