ऋषिकेश / देहरादून।
ऋषिकेश में दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में चल रही जुआ पार्टी का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से 40 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कैसिनो क्वाइन, नकदी, ताश की गड्डियां और शराब की बोतलें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया, जबकि होटल मालिक मौके से फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है। इस पूरे मामले में लापरवाही सामने आने पर आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार होटल मालिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
