हरिद्वार, 28 फरवरी। एआरटीओ कार्यालय में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने की। बैठक में हरिद्वार एवं रूडकी से संबंधित परिवहन विभाग के अधिकारियों तथा विभिन्न परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं यात्री-हितैषी बनाना रहा। ट्रैवल्स एसोसिएशन, पंचपुरी टेम्पो ट्रैवल यूनियन, टैक्सी-मैक्सी यूनियन, लक्सर बस यूनियन एवं लक्ज़री कोच यूनियन के प्रतिनिधियों ने ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और यात्रा पंजीकरण से जुड़े मुद्दे उठाए। हरिद्वार में 24 घंटे पंजीकरण कैंप संचालित करने, बाहरी राज्यों के वाहनों द्वारा सवारी उठाने पर रोक तथा अवैध ट्रैवल एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि ट्रिप कार्ड निरस्तीकरण प्रक्रिया सरल कर दी गई है और केवल उनियाल चेकपोस्ट पर सत्यापन होगा। बैठक के बाद ई-रिक्शा सत्यापन एवं क्यूआर कोड आधारित पहचान प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था एवं पर्यटन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं परिवहन संचालन की पारदर्शिता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी यूनियनों एवं अधिकारियों से समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। बैठक में एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा, एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद एवं एआरटीओ प्रवर्तन रुड़की कृष्ण पलारिया उपस्थित रहे।
