हरिद्वार, 24 फरवरी। आगामी कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों को गति देते हुए मेला प्रशासन ने सभी स्वीकृत स्थायी विकास कार्यों को 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अभियंताओं को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने, निर्माण सामग्री की नियमित जांच कराने और समयसीमा के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी-पुरानी गंग नहर पर प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। अधिकारियों को नींव एवं पाइलिंग कार्य में शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बहादराबाद क्षेत्र में 8.4 किमी सड़क के डामरीकरण कार्य और रोशनाबाद स्थित निर्माणाधीन औषधि भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। ₹251.98 लाख की लागत से बन रहे इस वेयरहाउस में आधुनिक कोल्ड चेन सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी।
